Attack on Silwani forest worker (रायसेन)। जिले में वनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में है। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा और वनमंडलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला के निर्देशन में अवैध रूप से की जा रही वनोपज की कटाई और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ताजा मामला सिलवानी परिक्षेत्र से सामने आया है, जहां सागौन की अवैध तस्करी कर रहे गिरोह को वन विभाग की टीम ने धरदबोचा। इस दौरान वन कर्मचारियों पर जानलेवा हमला भी किया गया। हालांकि, टीम ने बहादुरी से जवाब देते हुए तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।
तड़के 4 बजे की गई कार्रवाई, 4 बाइक और 12 नग सागौन जब्त
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर परिक्षेत्र सिलवानी पूर्व में उप वनमंडलाधिकारी इंदर सिंह बारे के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने लाल घाटी से पढ़ान रोड के कच्चे रास्ते पर सुबह 4 बजे दबिश दी। यहां 4 मोटरसाइकिल पर 12 नग सागौन के टुकड़े ले जाते कुछ लोग दिखाई दिए।
वन विभाग की टीम ने जब उन्हें रोका और पूछताछ की, तो उन्होंने माना कि सागौन को जंगल से काटकर लाया गया है। मौके से चार बाइक, 12 नग सागौन, एक कुल्हाड़ी और एक आरापत्ती जब्त की गई।
वन कर्मचारियों पर कुल्हाड़ी से हमला, 2 बाइक लूटकर भागे आरोपी
करीब 4:20 बजे वनरक्षक हरेंद्र सिंह उड़नदस्ता लेकर मौके पर पहुंचे और जब जब्त सामग्री को सरकारी वाहन में लोड किया जा रहा था, तभी नसीम उर्फ बहरा निवासी पढ़ान सिलवानी अपने साथियों के साथ आ धमका। आरोप है कि नसीम ने कुल्हाड़ी से वन कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया और गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी देते हुए दो मोटरसाइकिल लूटकर उन्हें पास के फाटक के अंदर ले गया।
नसीम के साथियों में जुबेर (तलैया मोहल्ला), आदिल (बाबड़ी मोहल्ला), नीम उर्फ गुटली, बासिद, लतीफ सहित अन्य दो लोग शामिल थे।
बहादुरी से डटी रही वन विभाग की टीम, FIR दर्ज
वन कर्मचारियों ने काफी संघर्ष और साहस दिखाते हुए दो मोटरसाइकिल, सागौन के 12 नग, एक कुल्हाड़ी और एक आरापत्ती को वापस बरामद कर लिया। इसके बाद परिक्षेत्र अधिकारी सिलवानी पूर्व द्वारा थाना सिलवानी में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई में उप वनमंडलाधिकारी इंदर सिंह बारे, वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा, कार्यवाहक वनपाल आत्माराम मैना, वनरक्षक दीपक कौरव, रामकुमार रघुवंशी, संदीप ठाकुर, ऋषि गुप्ता और हरेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।