सिलवानी गोडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सिलवानी में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर बलवीर सिंह तोमर ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और शोषण के खिलाफ बिगुल फूंका जाए।
इस दौरान पार्टी के युवा विंग के राष्ट्रीय महामंत्री यशवंत कुमार भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रदेश में व्याप्त सरकारी अनियमितताओं, प्रशासनिक लापरवाही और युवा पीढ़ी के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई।
“सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे काम नहीं होता”
राष्ट्रीय महासचिव तोमर ने कहा कि प्रदेश भर में सरकारी कार्यालयों में काम करवाने के लिए रिश्वत देना आम बात हो गई है। बिना पैसे दिए कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की शिकायतें करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे जनता का प्रशासन और सरकार पर से विश्वास उठता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस रवैये के खिलाफ अब गोडवाना गणतंत्र पार्टी चुप नहीं बैठेगी। जल्द ही सिलवानी तहसील मुख्यालय पर एक जंगी आंदोलन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
“अवैध शराब और माफिया राज से युवाओं का भविष्य खतरे में”
बलवीर सिंह तोमर ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार पूरे प्रदेश में बेकाबू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफिया पुलिस और प्रशासन के संरक्षण में काम कर रहे हैं। इस वजह से खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गोडवाना गणतंत्र पार्टी आने वाले समय में इस विषय पर भी खुला विरोध करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाएगी।
सड़क, पुल और नहर निर्माण में भारी भ्रष्टाचार
तोमर ने सिलवानी तहसील के जैथारी सर्किल में स्थित सेमरा खास और शानाबर्रु नहर निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि घटिया गुणवत्ता का निर्माण कर सरकार का पैसा बिना सोच-समझ के खर्च किया जा रहा है, और शिकायतें होने के बावजूद जिम्मेदारों के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क, पुल-पुलिया और सिंचाई परियोजनाओं में व्यापक भ्रष्टाचार है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है और परियोजनाएं अधूरी या कमजोर रह जाती हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं में नहीं मिल रहा गरीबों को हक
पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार की जनकल्याण योजनाएं सिर्फ कागजों में रह गई हैं। पात्र हितग्राही आज भी योजनाओं से वंचित हैं, जबकि अपात्रों को फायदा मिल रहा है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और इस पर गहन जांच होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री को भेजेंगे पत्र, करेंगे बड़ा प्रदर्शन
बलवीर सिंह तोमर ने कहा कि वे प्रदेश में हो रही इन अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की संपूर्ण जानकारी एक पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजेंगे। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगामी दिनों में सिलवानी मुख्यालय पर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसमें दबे-कुचले और शोषित वर्ग की आवाज बुलंद की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस लड़ाई में शामिल हों, क्योंकि जब तक लोग खुद आगे नहीं आएंगे, बदलाव संभव नहीं होगा।