लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा का नया सभापति चुना गया है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अरुण कुमार सिंह का चयन किया गया। यह निर्णय शनिवार को लखनऊ में आयोजित राज्य शाखा के चुनाव कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से ध्वनि मत के जरिए लिया गया।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस मौके पर कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का प्रतीक है। यह संगठन आपदा राहत, प्राथमिक चिकित्सा, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता और स्वैच्छिक सेवा जैसे मूल सिद्धांतों पर कार्य करता है।
1100 से अधिक शाखाओं का नेटवर्क
ब्रजेश पाठक ने बताया कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी का देशभर में 1100 से अधिक शाखाओं का मजबूत नेटवर्क है। यह संगठन युद्ध या संकट के समय भी घायल लोगों, युद्धबंदियों और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राज्य शाखा भी इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे काम करेगी और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाएगी।
अखिलेंद्र शाही ने इस मौके पर बीते वर्षों में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था ने कोविड संकट, बाढ़ और अन्य आपदाओं के दौरान जनसेवा के कई सराहनीय कार्य किए।
सर्वसम्मति से हुआ चुनाव
चुनाव अधिकारी गंगाराम गुप्ता ने बताया कि इस चुनाव में फतेहपुर के चेयरमैन अनुराग श्रीवास्तव ने ब्रजेश पाठक का नाम सभापति पद के लिए और अरुण कुमार सिंह का नाम कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया।
पूर्व उपसभापति अखिलेंद्र शाही ने इन प्रस्तावों का समर्थन करते हुए सदन से सहमति मांगी। सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
स्वास्थ्य और सेवा के लिए नई ऊर्जा
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य शाखा को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा। प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। रक्तदान शिविरों को नियमित किया जाएगा और अधिक युवाओं को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस की योजनाओं को गांव, कस्बों और शहरों तक समान रूप से पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को गति दी जाएगी।
जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रेडक्रॉस के कार्यों में आमजन की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए संस्थागत सहयोग के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा ताकि उनमें सेवा और संवेदनशीलता की भावना विकसित हो सके।