सिलवानी। रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर अतिक्रमण कर रहे एक व्यक्ति को ट्रैक्टर सहित पकड़ा है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक भोपाल वृत्त राजेश कुमार खरे के निर्देशन और वनमंडलाधिकारी रायसेन प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग की टीम को गश्ती के दौरान सूचना मिली कि सिलवानी पश्चिम वन परिक्षेत्र के समनापुर वृत्त अंतर्गत सिंहपुरी परिसर के वन कक्ष क्रमांक पीएफ 612 में कोई व्यक्ति ट्रैक्टर के माध्यम से अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहा है। तत्काल मौके पर पहुंचे वन परिक्षेत्र अधिकारी महेन्द्र कुमार पालेचा और उनकी टीम ने वहां एक बिना नंबर का आयशर 333 ट्रैक्टर कल्टी समेत चलता पाया।
मौके पर आरोपी सहीद खां पुत्र हबीब उल्ला निवासी मजगवां (बड़ाखेड़) को ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैक्टर की जांच में पाया गया कि इसका चेसिस नंबर 924114164897 और इंजन नंबर E19759 है। अतिक्रमण के प्रयास में इस्तेमाल किया गया सिल्वर रंग का ट्रैक्टर एवं कल्टी मौके से ही जब्त कर लिया गया है।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई वन विभाग की सतर्कता और सक्रियता का स्पष्ट उदाहरण है।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी महेन्द्र कुमार पालेचा के साथ कार्यवाहक वनपाल अखिलेश रजक, कमलेश तिवारी, मनीष छारी, वनरक्षक पुरुषोत्तम रजक, अमित धुर्वे, आकाश तिवारी और भूपेंद्र लोधी का विशेष योगदान रहा।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण या किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसी हरकतों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में अपील
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जंगलों और वन संपदाओं की रक्षा में सहयोग करें। यदि कहीं भी अतिक्रमण या अवैध गतिविधि होती है तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।