लखनऊ। अखण्ड आर्याव्रत आर्य त्रिदंडी महासभा ने अपने संगठन विस्तार की प्रक्रिया को तेज करते हुए लखनऊ में एक अहम बैठक का आयोजन किया। कुर्सी रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में हुई इस बैठक में संगठन को नए सिरे से मजबूती देने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गईं। बैठक में पंकज कुमार को राष्ट्रीय संयोजक, चंद्रमौली शुक्ला को प्रदेश अध्यक्ष और सुमन उपाध्याय को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन विस्तार के साथ बढ़ेगा सनातन जागरण का अभियान
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने नए पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपते हुए कहा कि अखण्ड आर्याव्रत आर्य त्रिदंडी महासभा का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा, सामाजिक समरसता और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को सशक्त करना है। उन्होंने कहा कि महासभा का नारा “जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई” आज के समय में पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गया है।
रामानुजाचार्य की प्रेरणा से खड़ा हुआ संगठन
ऋषि त्रिवेदी ने बताया कि यह संगठन ब्रहमलीन रामानुज जीयर स्वामी त्रिदंडी जी महाराज की दी गई प्रेरणा से खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष को एक बार फिर गौरवशाली आर्याव्रत के रूप में देखना ही महासभा का उद्देश्य है। भले ही संगठन राजनीतिक नहीं है, लेकिन यह सत्य सनातन धर्म को मानने वाले उन लोगों को जागरूक करेगा, जो राजनीति में जाकर समाज के लिए सकारात्मक बदलाव ला सकें।
सनातन बोर्ड गठन की उठी मांग
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने यह मांग भी उठाई कि देश में एक “सनातन बोर्ड” का गठन किया जाए, जो सनातन धर्म से जुड़ी मान्यताओं, परंपराओं और रीति-रिवाजों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में मददगार हो। बैठक में इस मांग को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
धर्म जागरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
इस अवसर पर विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिनमें प्रमुख था – हिंदू समाज के युवाओं को सनातन मूल्यों से जोड़ना, जातिवाद को खत्म कर सामाजिक एकता को बढ़ावा देना और धर्मांतरण जैसे मामलों पर सख्त नजर रखना। महासभा का मानना है कि जब तक हिंदू समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक धर्म विरोधी ताकतों को चुनौती नहीं दी जा सकती।
बैठक में कई प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
इस संगठनात्मक बैठक में कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें बाबा महादेव, सिद्धार्थ दुबे, श्रीराम तिवारी, विकास पांडेय, अनीता तिवारी, अंकेश चौहान, प्रकाश श्रीवास्तव, अधिवक्ता शैलेन्द्र श्रीवास्तव, अरविंद मिश्रा, श्रवण मिश्रा जैसे नाम शामिल हैं। सभी ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन के साथ मिलकर सनातन धर्म की सेवा का संकल्प लिया।
संगठन के विस्तार से जुड़ी भविष्य की रणनीति
महासभा ने आने वाले महीनों में देश के विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक विस्तार और धर्म जागरण से जुड़े कार्यक्रम चलाने की घोषणा की है। विशेषकर युवाओं को जोड़ने पर जोर देते हुए कहा गया कि अब समय आ गया है कि सनातन धर्म से जुड़ी महान परंपराओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए।