रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव।
छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में अवैध प्रेम संबंध के चलते की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहा आरोपी सेवन गोंड आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी को धमतरी जिले के गम्हरी बाजार चौक के पास से गिरफ्तार किया। इस दौरान घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
जंगल में मिला था शव, हत्या का मामला दर्ज
मामला 30 जून 2025 का है, जब थाना माकड़ी के अंतर्गत ग्राम मगेदा के जंगल में उड़ीसा जाने वाले एक कच्चे रास्ते पर एक अज्ञात युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला था। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई, लेकिन जब यह साफ हो गया कि यह मामला हत्या का है, तो पुलिस ने धारा 103 भा.दं.सं. के तहत अपराध दर्ज कर लिया।
मृतक की हुई शिनाख्त, पत्नी और प्रेमी पहले ही गिरफ्तार
जांच के दौरान शव की पहचान धरमसिंह नेताम (निवासी ग्राम उमरगांव, थाना सिहावा) के रूप में हुई। पुलिस ने जब तकनीकी और मोबाइल लोकेशन के जरिए जांच आगे बढ़ाई, तो मृतक की पत्नी रवीना नागरची उर्फ रवीना नागेश और उसके प्रेमी बिदेश मरकाम की भूमिका सामने आई। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली थी, जिसके बाद उन्हें 12 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अब तीसरा आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
हत्या के दौरान साथ देने वाला तीसरा आरोपी सेवन गोंड (उम्र 23 वर्ष, निवासी संबलपुर, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर, उड़ीसा) तब से फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार तलाश के बावजूद वह हाथ नहीं आया। लेकिन 24 जुलाई को मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के जरिए पता चला कि आरोपी धमतरी में अपने रिश्तेदार के घर की ओर जा रहा है। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गम्हरी बाजार चौक से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि वारदात के दिन जिस मोटरसाइकिल (CG 05 U 9226) का उपयोग किया गया था, वह भी उसी की थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल और एक बिना सिम वाला मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
जांच टीम की तत्परता से सुलझा मामला
इस पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी रूपेश कुमार के निर्देशन में की गई। जांच टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एक-एक कड़ी को जोड़ा।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना माकड़ी से निरीक्षक विकास बघेल, सउनि गिरीश कतलम, प्र.आर. मोनाराम मंडावी, दशरथ मरकाम, राकेश जुरी, धन्नूसिंह पटेल, राजू पानीग्राही सहित सायबर सेल से निरीक्षक सौरम उपाध्याय, प्र.आर. अजय बघेल, लुमन भंडारी, चंदन यादव, संतोष कोडोपी, कृष्णा नेताम और गोपनीय सैनिक जितेन्द्र की विशेष भूमिका रही।
आरोपी की जानकारी
नाम: सेवन गोंड
पिता का नाम: दशरू गोंड
उम्र: 23 वर्ष
जाति: मरकाम
निवासी: संबलपुर, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
गिरफ्तारी की तारीख: 24 जुलाई 2025
गिरफ्तारी का समय: दोपहर 12:55 बजे
मामले में भूमिका: हत्या में सहयोगी