नरसिंहपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गोटेगांव थाना अंतर्गत झोतेश्वर चौकी क्षेत्र में दो युवकों के साथ की गई निर्वस्त्र मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद जिले भर में सनसनी फैल गई और लोग आक्रोशित हो उठे।
करीब 2 मिनट से ज्यादा लंबे इस वीडियो में कुछ युवक, दो युवकों को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटते नजर आते हैं, जबकि पीड़ित जान की भीख मांगते दिख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि ये वीडियो एक महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन अब वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
झूठी सूचना देकर बुलाया, फिर शुरू हुआ हैवानियत का खेल
घटना में घायल युवक ने बताया कि वह ग्राम बगासपुर का रहने वाला है। उसे किसी झगड़े की झूठी सूचना देकर बुलाया गया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और फिर बेरहमी से मारना-पीटना शुरू कर दिया।जब उसका दोस्त सचिन पटेल बीच-बचाव करने पहुंचा, तो उसे भी पकड़कर पीटा गया। दोनों को निर्वस्त्र कर सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा गया।
पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें, किसी तरह बचाई जान
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उनके पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। जैसे-तैसे जान बचाकर दोनों युवक वहां से भागे और बाद में गोटेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने FIR में लिखा कि घटना रात करीब 9:15 बजे की है। वहां तीन युवक मौजूद थे जिन्होंने पहले गाली-गलौज की और जब मैंने मना किया तो उन्होंने हमला कर दिया। कुछ देर बाद सचिन भी वहां पहुंचा, लेकिन हम दोनों को ही निर्वस्त्र कर सड़क पर पीटा गया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपी हिरासत में, 2 की तलाश जारी
वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अब भी फरार हैं जिनकी तलाश तेजी से जारी है।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसमें अब तक 6 आरोपियों में से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
समाज में आक्रोश, लोग बोले—ऐसे दरिंदों को कड़ी सजा मिले
इस घटना के सामने आने के बाद आम लोगों में गहरा गुस्सा और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में डर का माहौल बनाती हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द न्यायिक हिरासत में भेजा जाए और उन पर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि आगे से कोई इस तरह की दरिंदगी दोहराने की हिम्मत न कर सके।