भोपाल। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भोपाल क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक दो नाली देशी कट्टा और अवैध मादक पदार्थ गांजा भी बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी कट्टा अपने दोस्त से 5 हजार रुपये में खरीदने की बात स्वीकार कर चुका है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्रा और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर पंकज श्रीवास्तव ने शहर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में डीसीपी क्राइम अखिल पटेल, एडीसीपी क्राइम शैलेन्द्र सिंह चौहान और एसीपी क्राइम सुजीत तिवारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अशोक मरावी और उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
क्राइम ब्रांच को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार और मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगजीस सिंह बैस उर्फ जग्गा बताया, जो कोलार रोड स्थित राजवैद सोसायटी, नीलगिरी कॉलोनी का निवासी है। वह पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है।
जगजीत सिंह की जब तलाशी ली गई तो उसकी जीन्स की बाईं जेब से .22 बोर की दो नाली देशी कट्टा बरामद हुई। आरोपी ने खुलासा किया कि यह कट्टा उसने बुधवारा निवासी यासीन अहमद उर्फ मिंटू से 5 हजार रुपये में खरीदा था। साथ ही, तलाशी के दौरान एक पुड़िया भी मिली जिसमें हरे पत्ते जैसा चूरा था, जिसे आरोपी ने गांजा बताया।
मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू
आरोपी के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी के तार शहर में चल रहे नशा रैकेट से किस हद तक जुड़े हैं।
गिरफ्तार आरोपी की जानकारी:
क्र. नाम और पता व्यवसाय आपराधिक रिकॉर्ड
01 जगजीस सिंह बैस उर्फ जग्गा, पिता अमरजीत सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी मकान नंबर ई/8, राजवैद सोसायटी, नीलगिरि कॉलोनी, कोलार रोड, भोपाल प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है जानकारी ICJS से प्राप्त की जा रही है
जांच टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद यादव, सहायक उप निरीक्षक सुनील अराख, प्रधान आरक्षक बीरबल, आरक्षक यासिर, नीरज यादव और मनीष कौरव की सराहनीय भूमिका रही। टीम की सूझबूझ और तत्परता से भोपाल में अवैध हथियारों और नशे के खिलाफ एक और मजबूत कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
भोपाल पुलिस लगातार शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही है। पुलिस कमिश्नर की स्पष्ट नीति है कि नशा बेचने और इसका नेटवर्क फैलाने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। आने वाले समय में और भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।