Satta mafia attacked police with dog बस्तर पुलिस ने सट्टा खेलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी प्रेम सिंह परिहार को पुलिस की टीम ने उसके ही घर से गिरफ्तार किया, जहां वह चोरी-छुपे सट्टा पर्चियों के जरिए हार-जीत का खेल चला रहा था। हैरानी की बात ये रही कि आरोपी ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपने ही घर में पाले गए चार आक्रामक डॉग को पुलिस पर छोड़ दिया, लेकिन पुलिस ने डॉग वेलफेयर और रेस्क्यू टीम की मदद से डॉग्स को काबू में किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मुखबिर से मिली थी सटीक सूचना
दरअसल, 31 जुलाई 2025 को बस्तर पुलिस को एक खास मुखबिर से जानकारी मिली कि जवाहर नगर वार्ड, मेटगुड़ा निवासी प्रेम सिंह परिहार अपने घर पर सट्टा खेलवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में तत्काल एक टीम तैयार की गई। इस टीम में अति. पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन और बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।
कुत्तों से डराने की कोशिश, पुलिस नहीं डरी
जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और गेट खोलने को कहा, तो प्रेम परिहार ने चालाकी दिखाते हुए अपने घर में पाले गए चार खतरनाक डॉग को छोड़ दिया, ताकि पुलिस डरकर कार्रवाई से पीछे हट जाए। लेकिन पुलिस टीम पीछे नहीं हटी। डॉग वेलफेयर रेस्क्यू संस्था “स्ट्रे सेफ फाउंडेशन” के श्रीनिवास वर्मा, लुफ्तेश जगत और अभिषेक अवस्थी की मदद ली गई। उन्होंने कुशलता से सभी डॉग्स को कंट्रोल कर लिया, जिससे पुलिस को घर के अंदर प्रवेश करने में सफलता मिली।
बड़ी रकम और सट्टा सामग्री बरामद
घर की तलाशी के दौरान प्रेम परिहार के पास से सट्टा पर्ची के 30 नग, ₹1,36,000 नगद और एक पुराना इस्तेमाल किया गया पेन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
कौन-कौन रहे इस कार्रवाई में शामिल?
इस कार्रवाई में बोधघाट थाना प्रभारी नीरक्षक लीलाधर राठौर, उनि ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, सउनि सुजाता नायडू, प्रआर. सुनील मनहर, आरक्षक परमानंद भोयर, विजय तिर्की और प्रतिमा रावटे की प्रमुख भूमिका रही। साथ ही डॉग रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने में स्ट्रे सेफ फाउंडेशन के सदस्यों का भी सराहनीय योगदान रहा।
एसपी का सख्त संदेश
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि, “जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे सट्टा हो या अन्य कोई गैरकानूनी काम, पुलिस पूरी सतर्कता से नजर रख रही है और ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।”