भोपाल। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 66 लीटर अंग्रेजी शराब और एक एक्सेस स्कूटर जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 1,84,600 रुपये आंकी गई है।
यश बैंक के पास हुई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यश बैंक के सामने मैदान में झाड़ियों के पास एक युवक अवैध शराब की पेटियाँ छिपाकर तस्करी की तैयारी कर रहा है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को धर दबोचा।
काले रंग की स्कूटर से कर रहा था तस्करी
आरोपी की पहचान हिमांशू सेन उर्फ छोटा लिल्ली (उम्र 21 वर्ष) निवासी पंचशील नगर, थाना टीटी नगर, भोपाल के रूप में हुई है। वह एक्सेस स्कूटर (जो उसके दोस्त की बताई गई) से शराब की पेटियाँ इधर-उधर पहुंचा रहा था। झाड़ियों में काली पन्नी में छिपाकर रखी गई कुल 8 पेटियों में 88 बोतल अंग्रेजी शराब पाई गई।
बिना लाइसेंस कर रहा था शराब की सप्लाई
पूछताछ में आरोपी शराब लाने-ले जाने का कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। ऐसे में पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से बरामद शराब और स्कूटर को भी जब्त कर लिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार युवक हिमांशू सेन के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें:
धारा 294, 324, 325, 34, 506 आईपीसी के तहत हबीबगंज थाने में मामला दर्ज।
धारा 294, 323, 327, 427 IPC थाना टीटी नगर शामिल हैं।
पुलिस टीम की सक्रियता से पकड़ा गया आरोपी
इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक इरशाद अंसारी, सउनि चंद्रमोहन मिश्रा, आरक्षक सतेन्द्र सिंह, नीरज यादव, विवेक नामदेव और महिला आरक्षक मनीषा राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, डीसीपी अपराध अखिल पटेल, एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान और एसीपी सुजीत तिवारी के निर्देश पर की गई।