रायसेन जिले के उदयपुरा (Udaipura Jan Sunwai) तहसील कार्यालय में मंगलवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की उपस्थिति में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों से लगभग 200 हितग्राही अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनमें से करीब 50 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही किया गया, जबकि बाकी आवेदन संबंधित विभागों को आगे की कार्यवाही के लिए सौंपे गए।
अब तहसील स्तर पर भी जनसुनवाई
आम तौर पर हर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई आयोजित होती है, जहां जिलेभर के लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। लेकिन कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने एक नई पहल करते हुए इस जनसुनवाई को अब तहसील स्तर पर भी शुरू किया है, ताकि ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी न हो। (Udaipura Jan Sunwai)
इसी क्रम में मंगलवार को उदयपुरा तहसील कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का समाधान किया।
कलेक्टर ने माइक से दिए निर्देश
जनसुनवाई के दौरान जब कोई समस्या गंभीर या विभागीय स्तर की पाई गई, तो कलेक्टर विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारी को माइक से बुलाकर तुरंत आवेदन का निपटारा करने के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया।
विकलांग हितग्राही को मिला आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान रामस्वरूप विश्वकर्मा नामक हितग्राही ने बताया कि उनका विकलांग प्रमाणपत्र सिर्फ 30% का बना है, जबकि उनकी वास्तविक विकलांगता इससे अधिक है। इस पर कलेक्टर ने बीएमओ डॉ. महेंद्र धाकड़ को निर्देश दिया कि अगली विकलांगता जांच शिविर में उनकी जांच कराई जाए और प्रतिशत बढ़ाने पर विचार किया जाए। (Udaipura Jan Sunwai)
स्कूल बस न पहुंचने की समस्या भी उठी
ग्राम भाडोन की छात्राओं ने बताया कि स्कूल बस उनके गांव तक नहीं पहुंचती। कलेक्टर ने तुरंत शिक्षा विभाग के बीईओ को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच में पाया गया कि रास्ता काफी संकीर्ण है, जिसके चलते बस गांव तक नहीं जा सकती। इस पर वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने का निर्देश दिया गया। (Udaipura Jan Sunwai)
जमीन विवादों पर भी हुई सुनवाई
जनसुनवाई में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग हल्केवीर लोधी, जो खुद खड़े होने में असमर्थ थे, अपने बेटों के सहारे तहसील पहुंचे। उन्होंने अपनी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम पटना और उदयपुरा की दो वृद्ध बहनें भी जनसुनवाई में पहुंचीं। बड़ी बहन अपनी दिव्यांग छोटी बहन हरि बाई को लाठी के सहारे लेकर आई थीं। हरि बाई ने बताया कि उन्हें डेढ़ साल से विकलांग पेंशन नहीं मिल रही, जिस पर कलेक्टर ने समाजकल्याण विभाग को तुरंत जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। (Udaipura Jan Sunwai)
बड़ी बहन ने भी शिकायत की कि उनकी जमीन पर नयागांव के एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। कोर्ट से केस जीतने के बावजूद कब्जा नहीं मिल पाया। कलेक्टर ने इस मामले में भी तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विभिन्न विभागों के लगे स्टॉल
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा और राजस्व विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। कई हितग्राहियों की समस्याओं का निपटारा वहीं पर कर दिया गया। (Udaipura Jan Sunwai)
कलेक्टर ने जनसुनवाई के समापन पर सभी विभागीय अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने और किसी भी आवेदन को लंबित न रखने के निर्देश दिए। (Udaipura Jan Sunwai)
वीएलओ की बैठक भी हुई
जनसुनवाई के बाद कलेक्टर विश्वकर्मा ने वीएलओ (Village Level Officer) की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कम प्रदर्शन करने वाले ग्राम बूढ़ा के वीएलओ को चेतावनी दी और अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन दिया।
https://twitter.com/DainikHistory?t=un2EfdiIG8L5BD8EkPp2qg&s=08
राष्ट्रगीत के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी और उपस्थित हितग्राही सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत गान में शामिल हुए। (Udaipura Jan Sunwai)
कलेक्टर ने कहा, “जनसुनवाई का उद्देश्य सिर्फ शिकायत सुनना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जब अधिकारी जिम्मेदारी से काम करेंगे, तभी आम जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा।”