जितेंद्र साहू धमतरी। murder of woman छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हसदा गांव में शनिवार रात एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 67 वर्षीय आरोपी जगन्नाथ जांगड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
करेली बड़ी पुलिस चौकी को सूचना तब मिली जब मृतका के भाई ललेश बंजारे (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम हसदा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी बहन पुष्पा मारकंडे की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की।
आरोपी ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने मौके पर ही पड़ताल शुरू कर ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान शक की बुनियाद पर आरोपी जगन्नाथ जांगड़े (पिता करिया जांगड़े, उम्र 67 वर्ष, निवासी हसदा) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
प्रेम प्रसंग से हत्या तक की कहानी
पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन आरोपी को शक था कि पुष्पा का किसी और से भी संबंध है। इसी शक और गुस्से ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया। शनिवार रात करीब 8 बजे आरोपी ने चाकू से हमला कर पुष्पा की हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह से शक और आक्रोश की वजह से हुई है। आरोपी ने कबूल किया कि उसे शक था, जिसके चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया।
गांव में फैली सनसनी
जैसे ही घटना की खबर फैली, पूरे गांव में खौफ और सनसनी फैल गई। लोग इकट्ठा होकर घटनास्थल पर पहुंच गए। हर कोई यही कह रहा था कि शक के चलते इतना बड़ा कदम उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाला है।
पुलिस की कार्रवाई
करेली बड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103, 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका पुष्पा के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई ललेश ने कहा कि उसकी बहन बिल्कुल सामान्य जीवन जी रही थी। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि ऐसा कोई हादसा हो सकता है। परिवार ने पुलिस से आरोपी को सख्त सजा दिलाने की मांग की है।