शुक्रवार सुबह बम्होरी थाना क्षेत्र के ग्राम दिल्हारी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के एक खेत से तेज बदबू आने लगी। स्थानीय लोग जब बदबू के स्रोत की तलाश में पहुंचे तो वहां का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ था, जिसे जानवरों ने भी काफी नुकसान पहुंचाया था। (Sensation in the village: Woman’s body found in the field, panic due to suspicion of murder)
ग्रामीणों ने तत्काल बम्होरी थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान गांव की ही रहने वाली मुन्नी बाई रैकवार (50 वर्ष) के रूप में हुई।
कुछ दिन से थी लापता
जानकारी के मुताबिक, मुन्नी बाई रैकवार बीते कई दिनों से लापता थीं। परिजन और ग्रामीण उन्हें ढूंढते रहे लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अब अचानक खेत में शव मिलने से पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 12 अगस्त 2025 को दिल्हारी गांव में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया था, जिसमें एक पिता पर अपनी 13 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। यह मामला दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। मृतका मुन्नी बाई रैकवार उसी आरोपी की मां बताई जा रही हैं।
हत्या की आशंका
ग्रामीणों और परिजनों का मानना है कि मुन्नी बाई की मौत सामान्य नहीं है। उनका कहना है कि यह मामला हत्या का भी हो सकता है। शव की हालत देखकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
SDOP अनिल सिंह मौर्य ने बताया कि,
“खेत में महिला का शव मिला है। मामले को पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा गया है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि महिला की हत्या हुई है या नहीं, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।”
गांव में खौफ और चर्चा
गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग मानते हैं कि यह दुष्कर्म मामले से जुड़ी रंजिश का नतीजा हो सकता है, जबकि कुछ इसे सामान्य मौत मान रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।