deori क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे करीब पांच से सात गांवों का संपर्क देवरी नगर से टूट गया है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों की पूर्ति में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोग घरों में कैद, बाजार और सुविधाओं से दूर
गांवों का सड़क संपर्क टूटने के कारण लोग न तो बाजार जा पा रहे हैं और न ही जरूरी सामान अपने घर तक ला पा रहे हैं। कई ग्रामीण अब अपने घरों में ही कैद हो गए हैं। प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि सक्रिय
तहसीलदार चंचल जैन और देवरी मंडल अध्यक्ष सुनील लोधी क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा ले रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे मंडल अध्यक्ष सुनील लोधी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ देवरी से करीब 15 किलोमीटर दूर पंडरई कला गांव पहुंचे, जहां नर्मदा नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि के चलते 8 से 10 घर डूब क्षेत्र में आ गए हैं।
स्कूल में बनाई गई अस्थाई व्यवस्था
प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। उनकी अस्थाई व्यवस्था पास के एक स्कूल में की गई है, जहां रहने और भोजन की सुविधा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। तहसीलदार चंचल जैन ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं।
ग्रामीणों की चिंता: पानी और बढ़ा तो मुश्किल बढ़ेगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई है, लेकिन यदि नर्मदा नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो हालात और बिगड़ सकते हैं। इस बारे में प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया गया है।
गोरखपुर में पुराना किला गिरा, नगर परिषद ने की कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर, गोरखपुर क्षेत्र में भी बारिश का असर देखने को मिला है। बारिश के चलते एक पुराना किला गिर गया है, जिसे नगर परिषद के सीएमओ जगदीश शर्मा और अन्य अधिकारियों की निगरानी में पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो सके।
बीजेपी नेता नरेंद्र शिवाजी पटेल की नजर
बरसात की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों को हालात पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर मंडल अध्यक्ष सुनील लोधी लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।