बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड ने राज्य स्तर पर अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए गौरवान्वित हुआ है। संपूर्णता अभियान के अंतर्गत रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 2 अगस्त को मुख्यमंत्री साय के द्वारा जिले के शंकरगढ़ विकासखंड को समग्र प्रदर्शन में स्वर्ण पदक प्रदान किया ।
संपूर्णता अभियान में शंकरगढ़ विकासखंड अव्वल
इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर तक योजनाओं की गहन मॉनिटरिंग की गई। विकासखंड ने चिन्हित 6 इंडिकेटर अंतर्गत शतप्रतिशत् लक्ष्य हासिल किया गया है, जिसमें 517 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, 7775 लोगों का मधुमेह जांच, 7775 लोगों का रक्तचाप जांच, 3248 गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण आहार, 906 स्वयं सहायता समूहों को चक्रिय निधि और 1167 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण शामिल हैं।
जिले के अधिकारियों को मिला सम्मान
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बलरामपुर रामानुजगंज जिले में संपूर्णता अभियान के समग्र संचालन हेतु जनपद सीईओ संजय दुबे सहित अन्य अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में शामिल है शंकरगढ़
ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा पिछड़े एवं दूरदराज क्षेत्रों के तेजी से विकास को सुनिश्चित करने के लिए आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की शुरुआत की गई। जिसमें देश के 500 विकासखंड का चयन किया गया जिसमें बलरामपुर रामानुजगंज जिला का विकासखंड शंकरगढ़ को आकांक्षी विकासखंड के रूप में शामिल किया गया।