कांकेर । नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत जिले के प्रशासनिक कार्यों को बड़ी उपलब्धि मिली है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कांकेर जिले को रजत पदक, कोयलीबेड़ा ब्लॉक को स्वर्ण पदक और दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 3 अगस्त को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में “संपूर्णता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया, जिसमें आकांक्षी जिला व ब्लॉक कार्यक्रमों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र और पदक से नवाजा गया।
विधायक आशाराम नेताम ने की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत कांकेर जिले के प्रशासनिक अमले ने ज़मीनी स्तर पर योजनाओं को प्रभावशाली तरीके से लागू किया है। उन्होंने कहा कि, “सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उसे साकार करने का कार्य हमारे सरकारी सेवकों द्वारा किया जाता है।” उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले को मिले सम्मान पूरे कांकेरवासियों के लिए गर्व की बात है।
साथ ही उन्होंने सभी सेवकों से वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, बच्चों को स्कूल भेजने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।
प्रमुख अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, महेश जैन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी संपूर्णता कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने आकांक्षी जिला व ब्लॉक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने बताया जिले की उपलब्धियां
कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि कांकेर जिले ने आकांक्षी कार्यक्रम में पांच प्रमुख सूचकांकों में उत्कृष्टता हासिल की है, जिसके आधार पर जिले को रजत पदक के लिए चयनित किया गया। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे भविष्य में भी इसी तरह कार्य करते हुए जिले को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएं।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने किया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, राजीव लोचन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
“आकांक्षा हाट” बना आत्मनिर्भरता का मंच
संपूर्णता कार्यक्रम के साथ ही बस स्टैंड कांकेर स्थित डोम में दो दिवसीय “आकांक्षा हाट” का शुभारंभ किया गया, जिसमें विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है।
विधायक नेताम, कलेक्टर क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ मंडावी और नगरपालिका अध्यक्ष कौशिक ने हाट का अवलोकन किया और महिलाओं को प्रोत्साहित किया।
इस हाट में तुलसी महिला समूह किरगोली, जय शीतला मां समूह लामपुरी, नव जागृति समूह संबलपुर व पुरियारा, राधारानी समूह, तिरंगा समूह, जय लक्ष्मी समूह, साधना समूह, छत्तीसगढ़ हर्बल, सवांगा वेशभूषा चारामा जैसे समूहों ने भाग लिया। हाट में निम्न वस्तुएं विक्रय के लिए उपलब्ध हैं:
खाद्य उत्पाद: शहद, अचार, मुरब्बा, पापड़, तिखुर, आलू चिप्स, मुरकू, ईमली कैंडी, बड़ी
अनाज-दालें: उड़द, मूंग, अरहर, कुल्थी
हस्तशिल्प सामग्री: साड़ी, रूपयामाला, करधन, पैर कड़ा, हाथ कड़ा, फुंदरा
सौंदर्य और स्वच्छता उत्पाद: साबुन
इस आयोजन ने न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया, बल्कि ग्रामीण उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराने की दिशा में भी अहम कदम साबित हुआ।