कांकेर (छत्तीसगढ़)। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने कोरर में निजी कृषि दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। आरोप था कि किसानों से खाद की तय कीमत से दो से तीन गुना ज्यादा वसूला जा रहा था। सोमवार को विभागीय टीम ने कोरर में दबिश देकर न सिर्फ कालाबाजारी को पकड़ा, बल्कि किसानों को उसी वक्त शासकीय दर पर यूरिया उपलब्ध भी कराया।
कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देश और उप संचालक कृषि जितेंद्र कोमरा के मार्गदर्शन में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद, बीज और कीटनाशक की गुणवत्ता व उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीम बनाई गई है। इसी टीम ने कोरर में निजी कृषि दुकानों पर छापा मारा।
किसानों से मिल रही थी महंगे खाद की शिकायतें
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, भानुप्रतापपुर के मुताबिक, किसानों ने मोबाइल के माध्यम से शिकायत दी थी कि कोरर के कुछ निजी कृषि दुकानदार यूरिया खाद 500 से 600 रुपये में बेच रहे हैं, जबकि शासन द्वारा तय कीमत महज 266 रुपये 50 पैसे है। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
सोमवार को कोरर में आयोजित बाजार दिवस पर विजय ट्रेंड्स नामक निजी कृषि केंद्र पर जांच की गई। वहां यूरिया की करीब 200 बोरियां स्टॉक में पाई गईं। मौके पर मौजूद किसानों को शासकीय दर पर खाद मुहैया कराई गई। कुल 27 किसानों को 79 बोरी यूरिया तय दर 266.50 रुपये में दी गई।
जांच में मिली गड़बड़ियां, POS मशीन और स्टॉक का सत्यापन
इस छापेमारी का नेतृत्व सहायक संचालक कृषि सुधीर ददोरिया और गुंजन सिंह भदौरिया ने किया। टीम में खाद-बीज निरीक्षक अमिनेश गावड़े, कृषि अधिकारी किरण भंडारी, प्रवीण कवाची और आशीष साहू भी शामिल रहे।
दुकानों में POS मशीन, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री की पर्चियों का जब मिलान किया गया, तो कई गड़बड़ियां उजागर हुईं। विभाग की टीम ने मौके पर ही किसानों को सही दर पर खाद दिलवाकर राहत दी और दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी जारी की।
किसानों से की अपील – कालाबाजारी की तुरंत दें सूचना
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई निजी दुकानदार तय दर से ज्यादा पर खाद बेचता है, तो तुरंत विभाग के अधिकारियों को सूचना दें। विभाग ने साफ कहा है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और किसानों के साथ लूट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही किसानों को समझाइश दी गई कि किसी भी प्रकार की ठगी या अधिक दाम वसूली की स्थिति में वे चुप न बैठें। विभाग उनकी हर संभव मदद करेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
शासन के तय दाम पर मिल रही खाद
शासन द्वारा किसानों के लिए खाद की जो दरें तय की गई हैं, वे इस प्रकार हैं:
यूरिया – ₹266.50 प्रति बोरी
डीएपी – ₹1350 प्रति बोरी
पोटाश – ₹1535 प्रति बोरी
एसएसपी राखड़ खाद – ₹495 प्रति बोरी