Uttar Pradesh Mathura । जिले के टैंटीगांव कस्बे में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। घरेलू कलह से परेशान एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर अपनी जान ले ली। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई और मातम का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना थाना सुरीर क्षेत्र के टैंटीगांव की है, जहां रहने वाला सौदान सिंह बीते कुछ समय से अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घरेलू विवादों से जूझ रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। गुरुवार दोपहर को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, लेकिन इस बार मामला इतना बढ़ गया कि सौदान ने आपा खो दिया।
गुस्से में आकर सौदान सिंह ने घर में रखे तमंचे से अपनी पत्नी राजकुमारी के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही राजकुमारी चीखने लगी, तभी उनका बेटा मौसम घर पहुंचा और उसने मां को लहूलुहान हालत में देखकर तुरंत पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की।
इसी दौरान सौदान सिंह ने भी उसी तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगते ही वह लहूलुहान हो गया और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल राजकुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
गांव में फैला मातम, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही टैंटीगांव और आसपास के गांवों में मातम पसर गया। लोग इस खौफनाक वारदात को सुनकर सहमे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह घटना दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच की है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि मामला घरेलू विवाद का है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
एएसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया,
“टैंटीगांव में सौदान सिंह नाम के व्यक्ति ने घरेलू कलह के चलते पहले अपनी पत्नी को पेट में गोली मारी और फिर खुद को कनपटी पर गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय सौदान की मौत हो गई, जबकि पत्नी का इलाज जारी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच चुकी है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी कानूनी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा।”