गुरुर (बालोद)।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां गुरुर ब्लॉक के अरमरीकला गांव में एक आईटीआई छात्र का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय साजन कुमार साहू के रूप में हुई है, जो रायपुर के डंगनिया स्थित आईटीआई में पढ़ाई कर रहा था।
यह घटना गुरुवार की सुबह उस समय सामने आई जब साजन का एक दोस्त उसे आईटीआई ले जाने के लिए घर पहुंचा। घर के अंदर घुसते ही उसने छात्र को पंखे से लटका पाया। इस खबर से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना वाले दिन था आईटीआई का प्रैक्टिकल
परिजनों के अनुसार, घटना के दिन साजन का आईटीआई में प्रैक्टिकल था। सुबह उसके बड़े भाई लाभेश कुमार किसी काम से रायपुर गया था, जबकि माता-पिता गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। साजन घर में अकेला था। ऐसे में सवाल उठता है कि आख़िर ऐसा क्या हुआ कि एक होनहार छात्र ने इस तरह कदम उठाया?
गमछे से बनाई फांसी की फंदा
पुलिस ने बताया कि साजन ने एक गमछे को फंदा बनाकर सीलिंग पंखे से लटककर आत्महत्या की। लेकिन यह मामला इतना सीधा नहीं दिख रहा है। साजन के गले में जो गमछा मिला है, वह परिजनों के अनुसार उसका नहीं था। साथ ही घटना के वक्त घर की बिजली पूरी तरह बंद थी और बाड़ी का दरवाजा भी खुला मिला। इन बातों ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
हत्या या आत्महत्या? परिजन और ग्रामीणों को है शक
परिजनों ने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि किसी साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। क्योंकि साजन कभी भी तनाव में नहीं दिखा और ना ही उसने कोई ऐसी बात परिवार के किसी सदस्य से साझा की थी। इसके अलावा जिस गमछे से उसने कथित तौर पर फांसी लगाई, वह किसी और का होना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
पोस्टमार्टम अगले दिन हुआ, शव को सौंपा गया परिजनों को
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। हालांकि, साजन के माता-पिता गुजरात में होने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को गुरुर स्थित मरच्युरी में फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया और शुक्रवार दोपहर 2 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, हर एंगल से हो रही पड़ताल
थाना सनौद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अब हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या साजन ने खुद यह कदम उठाया या फिर किसी ने उसे मारकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मोबाइल, सोशल मीडिया एक्टिविटी और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम, युवाओं में दहशत
घटना के बाद अरमरीकला गांव में मातम छाया हुआ है। एक पढ़ने-लिखने वाला युवक, जो भविष्य के सपने संजो रहा था, अचानक इस तरह दुनिया छोड़ देगा – किसी को यकीन नहीं हो रहा। वहीं, युवाओं में भी इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। सब यही जानना चाह रहे हैं कि आखिर साजन ने ऐसा क्यों किया, या फिर किसी ने ऐसा क्यों किया?