विनोद कुमार साहू , कांकेर
कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले कांकेर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों को आश्रय और मदद देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में परोक्ष रूप से शामिल था और प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के बड़े नक्सली नेताओं के संपर्क में रहकर उन्हें रसद सामग्री, सूचना और सुरक्षित ठिकाने मुहैया कराता था।
पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी रमेश कुमार मंडावी (उम्र 35 वर्ष), ग्राम कोकवार, थाना आमाबेड़ा का निवासी है। उस पर आरोप है कि वह उत्तर बस्तर डिवीजन के कुंयेमारी-किसकोड़ो एरिया कमेटी के नक्सली कमांडर प्रसाद और अन्य हार्डकोर नक्सलियों को अपने घर में छिपाकर रखने के साथ-साथ नक्सली शहीद सप्ताह और जन अदालत जैसे आयोजनों में भी सहयोग करता था।
आतंक की साजिशों में था शामिल
पुलिस की जानकारी के मुताबिक रमेश न केवल नक्सलियों को आश्रय देता था, बल्कि उनके लिए जरूरी सामान जैसे खाने-पीने की चीजें, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान तक मुहैया कराता था। इतना ही नहीं, वह नक्सलियों की मीटिंग्स में भी भाग लेता था और हिंसक घटनाओं की योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाता था। उसे आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 16/2022 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 307, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अलावा विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 23, 38(2), 39(2), 17, 18(1), 19 के तहत गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने उसे 16 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया कांकेर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. एलिसेला (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण, और डीएसपी नक्सल ऑपरेशन गिरिजाशंकर साव, डीएसपी डीआरजी अविनाश ठाकुर, तथा डीएसपी प्रतिभा लहरे के नेतृत्व में। यह कार्रवाई पुलिस की सतत निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
जारी है अन्य फरार नक्सलियों की तलाश
पुलिस का कहना है कि रमेश मंडावी अकेले नहीं था, बल्कि उसके साथ और भी लोग इस नक्सली नेटवर्क का हिस्सा हैं, जिनकी तलाश जारी है। कई फरार नक्सली और उनके मददगार पुलिस के रडार पर हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की उम्मीद जताई जा रही है।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति नक्सलियों को किसी प्रकार की मदद न दे। अगर कोई ऐसा करता है तो उस पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण करने और छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की है।