कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने रात में मोहल्ले की गली में हाथ में तलवार लेकर न केवल हंगामा किया बल्कि गाली-गलौच करते हुए आसपास के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलवार लहराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की पूरी कहानी
मामला 23 अगस्त 2025 की रात का है। जवाहर वार्ड कांकेर निवासी कुलभूषण यादव ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर जानकारी दी कि मोहल्ले में रहने वाला मोहन ठाकुर नामक शख्स हाथ में लोहे की तलवार लेकर गाली-गलौच कर रहा है और लोगों को धमका रहा है।
सूचना मिलते ही कांकेर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। गली में तलवार लहराते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन सिंह राजपूत , निवासी संजय नगर कांकेर बताया।
तलवार के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की। उसके खतरनाक व्यवहार और धमकी भरे अंदाज को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने तलवार जब्त कर आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया।
आरोपी पर दर्ज मामले
कांकेर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(2) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रकरण क्रमांक 306/2025 में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पेट्रोलिंग पार्टी में प्रआर सुरेश भुआर्य, आरक्षक गजेन्द्र नागवंशी और अमर लाल नेताम शामिल थे। पुलिस की फुर्तीली कार्रवाई से मोहल्ले में संभावित बड़ी घटना टल गई।
लोगों में दहशत और राहत
इस घटना से मोहल्ले में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया था। कई लोगों ने खौफ में घरों के दरवाजे बंद कर लिए थे। हालांकि पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से लोगों को राहत मिली और इलाका फिर से सामान्य हो गया।
क्या कहती है पुलिस
पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हथियार लेकर सार्वजनिक जगह पर हंगामा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि समाज में भय का माहौल न बने।