कांकेर। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। इसी अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने जुआ-सट्टा खेल रहे चार आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में चंगेज खान और कादिर खान जैसे बड़े सटोरिए भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से सट्टा पट्टी, पर्चियां और नकद रकम 2,090 रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस का विशेष अभियान
कांकेर पुलिस ने हाल के दिनों में शहर के हर कोने में पैदल गश्त, बाइक गश्त और रात्रि गश्त तेज कर दी है। शराब पीकर उत्पात मचाने वालों, नशेड़ियों, और जुआ-सट्टा खेलने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के. एलिसेला (भा.पु.से.) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल व दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का मकसद अपराध और असामाजिक तत्वों पर पूरी तरह नकेल कसना है।
इस तरह हुई कार्रवाई
थाना कांकेर की टीम लगातार शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने दबिश दी और चार लोगों को रंगे हाथ जुआ-सट्टा खेलते पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से सट्टा पर्चियां और नकदी रकम जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है—
दुर्गेश ठाकुर (30 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णापारा, कांकेर — अपराध क्रमांक 297/25, धारा-6 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम।
मोहन सिन्हा (50 वर्ष), निवासी एम.जी. वार्ड, कांकेर — अपराध क्रमांक 298/25।
कादिर खान (40 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णापारा, कांकेर — अपराध क्रमांक 299/25।
चंगेज खान (50 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णापारा, कांकेर — अपराध क्रमांक 300/25।
इन चारों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेहतरीन काम किया। उप निरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी, उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव, प्रआर गीतेश्वर कुलदीप, प्रआर कौशल साहू, आरक्षक शक्ति सिंह और दुर्गेश सोनवानी सहित थाना कांकेर पेट्रोलिंग टीम ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।