कांकेर जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान में पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।13.940 लीटर अवैध शराब जब्त की है, कीमत लगभग 4040 रुपये है। शराब बेचने के लिए इधर-उधर घूम रहे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही हुल्लड़बाजी करने वालों को भी न्यायालय में पेश किया गया है।
पैदल गश्त से मिली सफलता, आरोपियों पर कसी नकेल
कांकेर एसपी आई.के. एलिसेला के निर्देश पर चल रहे इस अभियान की निगरानी एएसपी आकाश श्रीमाल और एएसपी दिनेश कुमार सिन्हा कर रहे हैं। वहीं, इस ऑपरेशन को नगर पुलिस उपाधीक्षक मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। लगातार बाइक पेट्रोलिंग और पैदल गश्त के जरिए शहर में अपराधियों पर नजर रखी जा रही है।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में शराबियों, नशेड़ियों और जुआ-सट्टा गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नागरिकों के सहयोग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर ये कार्रवाइयां की जा रही हैं।
चार अलग-अलग मामलों में ऐसे की गई कार्रवाई
शिवनगर से गिरफ्तार भुनेश्वर जैन
आरोपी के पास से हायवर्ड ब्रांड की कुल 3.250 लीटर शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर भुनेश्वर जैन (उम्र 31, निवासी पीढ़ापाल) को गिरफ्तार किया।
भण्डारीपारा से गिरफ्तार राजकुमार सिन्हा
सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक धारा में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पंझडरीपानी चौराहे से सुदर्शन मरकाम गिरफ्तार
आरोपी के पास से देशी प्लेन शराब के 20 पाव मिले, जिसकी कुल मात्रा 5 लीटर और कीमत 2000 रुपये आंकी गई। सुदर्शन मरकाम (निवासी लारगांव) को मौके से पकड़ा गया।
अन्नपूर्णा पारा चौक से विवेक दर्रो गिरफ्तार
विवेक के पास से देशी प्लेन शराब के 13 पाव (2.340 लीटर) जब्त किए गए, जिसकी कीमत 1040 रुपये है। आरोपी हॉटकोंगेरा का रहने वाला है।
पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष नागर, सायबर सेल प्रभारी प्रेमप्रकाश अवधिया, अजाक प्रभारी राम कुमार साव और उनके साथ उप निरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी, मनोरथ जोशी, रामेश्वर चतुर्वेदी, महिला प्रआर हितेश्वरी चेलक, प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव, ओमप्रकाश कृषाण, गीतेश्वर कुलदीप, मनीराम भोई, आरक्षक शक्ति सिंह और पेट्रोलिंग टीम के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
निगरानी रहेगी जारी
कांकेर पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि शराब, नशे और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को देकर सहयोग करें।