फरसगांव प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जिले के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आई। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में जिले स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वेबकास्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और कृषि विशेषज्ञ शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि ट्रांसफर की। इस बार कुल 22 हजार करोड़ रुपये की राशि 9.80 करोड़ किसानों के खातों में सीधे भेजी गई है। हर किसान को दो-दो हजार रुपये की किस्त मिली है। पीएम मोदी ने किसानों को “अन्नदाता” कहकर सम्मान दिया और कहा कि एक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गरीब, किसान, युवा और महिलाएं मजबूत होंगे। ये चारों सरकार की प्राथमिकता में हैं।
जैविक खेती और नवाचार पर जोर
बोरगांव में हुए इस कार्यक्रम में प्रवीर बदेशा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पीएम किसान योजना की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को अब उन्नत तकनीकों के साथ खेती करनी चाहिए ताकि उत्पादन के साथ मुनाफा भी बढ़े।
कृषि उपसंचालक डी.पी. टांडे ने किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर फसल विविधिकरण और नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार कई योजनाएं चला रही है जिनसे किसान सीधे जुड़कर लाभ उठा सकते हैं।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार मरकाम ने प्राकृतिक खेती के फायदे और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे रासायनिक खेती से हटकर किसान अपनी ज़मीन की उपजाऊ शक्ति को बढ़ा सकते हैं।
वहीं डॉ. हितेश कुमार मिश्रा ने गौ आधारित जैविक कीटनाशकों, रोगनाशकों, और घनजीवामृत जैसी तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, डॉ. प्रिया सिन्हा ने आधुनिक कृषि यंत्रों की भूमिका को समझाते हुए बताया कि किस तरह जैविक खेती में ये यंत्र मददगार साबित हो रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
इस मौके पर जनपद पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष मानकुराम, पूर्वी बोरगांव की सरपंच श्रीमती चंद्रकला, श्रीमती सोमादास, धनराज पांडे, प्रवीण राव, प्रवीण पांडे, और मुन्नालाल नेताम समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सभी ने किसानों को इस सहायता के लिए बधाई दी और योजनाओं से अधिकाधिक लाभ लेने की बात कही।
कार्यक्रम में किसानों ने पीएम किसान योजना को बेहद उपयोगी बताया और कहा कि इस योजना से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है। सरकार की यह पहल खेती-किसानी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।