नई दिल्ली Chhattisgarh CM invited PM Modi, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस खास मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के इतिहास में बेहद खास होगा, क्योंकि राज्य अपने गठन की 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति से इस आयोजन की गरिमा और ज्यादा बढ़ेगी।
अंजोर विज़न @2047’ से भविष्य की दिशा तय
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ सरकार की आगामी योजनाओं और विकास की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने “अंजोर विज़न @2047” नाम से एक विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पर्यावरण और नवाचार जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। यह योजना विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ मेल खाती है।
जन विश्वास विधेयक से मिली न्याय में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र सरकार के “जन विश्वास अधिनियम 2023” से प्रेरणा लेते हुए राज्य में “जन विश्वास विधेयक 2025” पारित किया है। इस कानून से न्याय प्रणाली में पारदर्शिता आई है और आम लोगों के लिए न्याय तक पहुंच और भी आसान हो गई है।
नवा रायपुर बनेगा स्मार्ट शहर
राजधानी नवा रायपुर के सुनियोजित विकास को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCRDA) के तहत नवा रायपुर को स्मार्ट और एक नए दौर का स्मार्ट और तरक्कीशुदा शहर बनाया जा रहा है।
औद्योगिक निवेश और रोज़गार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत राज्य में निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है। सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से उद्योग स्थापित करना अब ज्यादा आसान हो गया है। 1000 से ज्यादा लोगों को रोज़गार देने वाले उद्योगों को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच छत्तीसगढ़ को कुल 6.65 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इस दौरान देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर की नींव भी नवा रायपुर में रखी गई है। साथ ही टेक्सटाइल, फार्मा और आईटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ को एक उभरते औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर खास ज़ोर
राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार शिक्षकों और स्कूलों का युक्तियुक्तकरण कर रही है, ताकि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं, रायपुर में बनने वाली मेडिसिटी एक अत्याधुनिक मेडिकल हब के रूप में तैयार हो रही है, जिससे हेल्थकेयर और रोज़गार दोनों क्षेत्रों में फायदा मिलेगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि एडु सिटी के रूप में एक शैक्षणिक हब की भी नींव रखी जा रही है, जो राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और रिसर्च को बढ़ावा देगा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और पुनर्वास
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि सरकार की संवेदनशील और दूरदर्शी नीतियों के चलते कई नक्सली आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन की ओर लौटे हैं। इन क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं, जिससे लोगों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।