The first woman mountaineer of the district Raisen । मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की बेटी Anjana Yadav ने हिमालय की एक ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। अंजना ने हिमाचल प्रदेश के लाहौल जिले में स्थित 6081 मीटर ऊंचे माउंट शिंकुन ईस्ट पर पहुंचकर भारतीय तिरंगा फहराया। यह कारनामा उन्होंने 20 जुलाई को किया, और रायसेन वापस लौटने के बाद इसकी जानकारी साझा की।
Sanchi Tehsil के दीवानगंज क्षेत्र की रहने वाली अंजना यादव रायसेन जिले की पहली महिला पर्वतारोही बन गई हैं। उन्होंने मनाली के अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान से एक महीने की कठिन एडवांस ट्रेनिंग के बाद यह मिशन पूरा किया।
मनाली से ट्रेनिंग लेकर किया लक्ष्य हासिल
target achieved अंजना ने 22 जून को अपने घर से मनाली के लिए रवाना होकर वहां रॉक क्लाइंबिंग, स्नो क्राफ्ट और ग्लेशियर क्लाइंबिंग की ट्रेनिंग ली। इसके बाद 13000 फीट की ऊंचाई पर स्थित ‘जिस्पा’ नामक स्थान पर पहुंचीं और वहां से 5000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित रमजा तक कठिन ट्रैकिंग करते हुए 20 जुलाई को माउंट शिंकुन ईस्ट की चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचीं।
इस साहसिक अभियान में देशभर से 62 पर्वतारोही शामिल थे, जिनमें 10 महिलाएं और 52 पुरुष थे।
पहले भी कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण
अंजना का यह पहला रोमांचक अनुभव नहीं है। इससे पहले भी वह यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (रूस), ऑस्ट्रेलिया की माउंट कोस्जुसुको और मलेशिया की माउंट किन्ना बालू पर भारतीय तिरंगा फहरा चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धियां सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि रायसेन जिले की बेटियों के लिए एक मिसाल हैं।
इतिहासिक धरोहरों पर भी फहराया तिरंगा
पर्वतारोहण के साथ-साथ अंजना सामाजिक संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाने में जुटी हैं। 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस पर उन्होंने भीमबेटका, सांची स्तूप, भोजपुर और रायसेन किले जैसी ऐतिहासिक धरोहरों की ऊंचाई पर जाकर तिरंगा फहराया और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश भी दिया।
झांकी में भी मिली विशेष पहचान
गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रस्तुत ‘सशक्त महिला’ थीम पर आधारित झांकी में अंजना यादव को विशेष रूप से शामिल किया गया। झांकी में उनका स्टैच्यू लगाया गया, वहीं अंजना खुद भी उसमें मौजूद रहीं। इस अवसर पर उन्होंने बेटियों को आत्मनिर्भर और साहसी बनने का संदेश दिया।
जिले की पहली महिला पर्वतारोही बनकर रचा इतिहास
अंजना यादव का यह सफर रायसेन जिले के लिए गौरव की बात है। वह न केवल जिले की बल्कि प्रदेश की पहली ऐसी बेटियों में से हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराया है। उनकी सफलता से यह साबित होता है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो बेटियां किसी भी ऊंचाई को छू सकती हैं।