नरहरपुर (छत्तीसगढ़)। सावन के पवित्र महीने में शिवभक्ति की भावना चरम पर है और इसी कड़ी में नरहरपुर नगर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित रूद्रेश्वर महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक एवं टीन शेड निर्माण का भूमि पूजन विधिवत रूप से आयोजित किया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री आशाराम नेताम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक के पारंपरिक स्वागत से हुई, जहां वरिष्ठजनों द्वारा उन्हें तिलक लगाकर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद श्री नेताम ने रूद्रेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित रूद्राभिषेक कार्यक्रम में भाग लिया। पूजा-अर्चना का कार्य पंडित डॉ. लक्ष्मण शुक्ला द्वारा वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ संपन्न कराया गया।
टीन शेड निर्माण का भूमि पूजन भी किया गया
रूद्राभिषेक कार्यक्रम के बाद वार्ड पार्षद मुकेश संचेती और विधायक आशाराम नेताम ने संयुक्त रूप से वार्ड क्रमांक 10 में टीन शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
भूमि पूजन के उपरांत विधायक नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा, “श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा से सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है। शिव की भक्ति से ही जीवन में संतुलन और समाधान आता है।” उन्होंने बताया कि यह टीन शेड निर्माण वार्डवासियों की मांग पर किया जा रहा है ताकि आगे किसी भी सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम में मौसम की बाधा न बने।
विधायक ने बताया कि वार्ड पार्षद मुकेश संचेती ने इस निर्माण कार्य का प्रस्ताव रखा था, जिसकी स्वीकृति के बाद आज जनसमुदाय की उपस्थिति में भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि यह टीन शेड भविष्य में हर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सहायक सिद्ध होगा।
झांकी व कावड़ यात्रा ने बांधा समां
पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के बाद नगर में भव्य झांकी और कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। नीलकंठेश्वर मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा सुरही पुल तक गई, जहां से भक्तों ने जल लेकर वापस रूद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं को आनंदित कर दिया और वातावरण शिवमय हो गया।
जनभागीदारी रही सराहनीय
कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य लोग एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रमुख रूप से तहसीलदार पौरस वेंटाल, जसराज चोपड़ा, देवानंद साहू, पंकज त्रिपाठी, नितेश मगेद्र, अल्का शर्मा, प्रफुल्ल दीक्षित, आशा राम जूरी, आशा रावटे, मदन शर्मा, दीपक यादव, रामपाल शर्मा, अमन तिवारी, आसकरण ध्रुव, भागवत शोरी, पुष्कर सिन्हा, विजयेंद्र शुक्ला, मोती साहू, विनय तिवारी, मनोरमा साहू, रेवती सिन्हा, निशा कटेंद्र, उमा सिन्हा, पवन देवांगन, अंकिता ठाकुर, संतोषी दुर्गा, धर्मेंद्र साहू, ओमेश सिन्हा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और समाज के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संदेश झलकता दिखा।